May 5, 2024

डेंगू का डंक रोकने में असफल हो रहा नगर निगम प्रशासन

Faridabad/Alive News : शहर में डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप लगातार जारी है। जिले में बढ़ते डेंगू के प्रकोप के कारण सरकारी और निजी अस्पतालों में डेंगू और मलेरिया वार्ड फुल चल रहे हैं। अभी तक डेंगू के कुल 149 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। शहर में फॉगिंग की जिम्मेदारी नगर निगम के पास होती है, लेकिन नगर निगम के पास डेंगू पर जीत हासिल करने के लिए पर्याप्त संसाधन ही उपलब्ध नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार निगम कर्मचारियों के पास कई साल पुरानी जापानी मशीनें हैं, जो फॉगिंग करते हुए ही खराब हो जाती है। ऐसे में फॉगिंग के बीच में ही उसको मैकेनिक के पास ले जाकर ठीक कराना पड़ता है। निगम के पास कुल 9 मशीनें हैं। इनमें तीन बड़ी और छह छोटी मशीनें हैं। अब नगर निगम के एमओएच ब्रांच ने 12 नई मशीनें खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कई साल पहले निगम को यह जापानी मशीनें सौंपी गयी थी। जिसके बाद दोबारा फॉगिंग करने वाली इन मशीनों को नहीं खरीदा गया। मशीनें खराब हो जाती है तो रिपेयर करवाया जाता है। इसके बाद फॉगिंग करवाई जाती है। आज के समय मे फॉगिंग करने वाली बड़ी मशीनों की कीमत पांच लाख रुपये तक है। निगम के पास इन मशीनों को चलाने के लिए वाहन भी नहीं है। मशीन को बाइक के पीछे बांधकर फॉगिंग की जाती है। जिसके कारण मशीनों में आए दिन कोई न कोई फाल्ट आता रहता है।