March 8, 2026

स्वदेशी अपनाने से ही भारत बनेगा आत्मनिर्भर: कश्मीरी लाल

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 एचएसवीपी ग्राउंड में आयोजित स्वदेशी उत्सव एवं सरस आजीविका मेला के अंतर्गत आज गुरुवार को व्यापारी मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन कश्मीरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

राष्ट्रीय संगठन कश्मीरी लाल ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वदेशी ही भारत को वास्तविक अर्थों में आत्मनिर्भर बना सकता है। उन्होंने कहा कि जब तक देश विदेशी वस्तुओं पर निर्भर रहेगा, तब तक आर्थिक मजबूती संभव नहीं है। विदेशी उत्पादों पर निर्भरता कम कर और भारतीय वस्तुओं का अधिकाधिक उपयोग करके ही देश की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जा सकता है।

 कश्मीरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वदेशी विचार केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। यदि देशवासी स्वदेशी उद्योगों और उत्पादों को प्राथमिकता दें, तो न केवल घरेलू उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इसी मार्ग पर चलकर भारत पुनः “सोने की चिड़िया” बन सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी मांगने वाले न बनें, बल्कि नौकरी देने वाले बनें।

कार्यक्रम के दौरान कश्मीरी लाल ने कहा कि सरस मेला जैसे आयोजन स्वदेशी उत्पादों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे मंचों से देश के कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को पहचान मिलती है तथा उपभोक्ताओं में भारतीय उत्पादों के प्रति विश्वास बढ़ता है। 

सौरोत ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश का सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन है और यदि युवाओं को सही दिशा, संस्कार और स्वदेशी भाव मिले, तो वे अपने उद्यमों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उन्होंने आमजन से स्वदेशी उत्पाद अपनाकर देश की समृद्धि में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संगठक कुलदीप पंवार, मेला प्रमुख राहुल डागर, पंकज हंस, माधवी हंस, सिकंदर सैनी, मनोज जेटली, राजेंदर शर्मा सहित अन्य  कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।