Faridabad/Alive News: 27 मार्च को सेक्टर-17 स्थित हुड्डा ग्राउंड में आयोजित होने वाले “एक शाम सांवरिया के नाम” धार्मिक कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगमन करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने दी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक एवं मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़, एसडीएम अमित कुमार, डीसीपी मोनिका, डीसीपी जयवीर राठी, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, एसीपी राजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

