May 6, 2024

अभिनेत्री संयुक्ता हेगड़े हुई कोरोना संक्रमित, सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी

New Delhi/Alive News: देश में कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार अभी थमने का नाम नहीं ले रही है। आम से लेकर खास तक सभी इस वायरस की चपेट में आ जा रहे हैं। हाल ही में कन्नड़ और तमिल फिल्म की अभिनेत्री संयुक्ता हेगड़े भी कोरोना संक्रमित हो गईं। उन्होंने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट साझा करके दी। इसके साथ ही उन्होंने अपने माता पिता के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी साझा की। संयुक्ता के इस पोस्ट पर लोग उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए संयुक्ता ने लिखा, ‘हैलो दोस्तों, उम्मीद है कि आप लोग अच्छे होंगे। मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। मैं डॉक्टर के बताए सभी दिशा निर्देशों और कोरोना प्रोटोकॉल्स का पालन कर रही हूं। अपना ध्यान रखें और पॉजिटिव रहें जिससे आपका टेस्ट निगेटिव हो’। अभिनेत्री ने आगे पोस्ट में लिखा, ‘मेरे माता पिता जो पिछले महीने कोरोना संक्रमित हो गए थे वो अब धीरे धीरे ठीक हो रहे हैं। मैं भगवान का धन्यवाद करती हूं कि मैं तब कोरोना संक्रमित हुई जब वो अपने अच्छे स्वास्थ्य की ओर लौट रहे हैं।

इन दिनों मनोरंजन जगत के सितारे आए दिन कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। बहुत से सेलेब्स ने हाल ही में खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। वहीं बहुत से सेलेब्स ऐसे हैं जो अब धीरे धीरे ठीक हो रहे हैं तो ऐसे सेलेब्स भी मौजूद हैं जिनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। अब फैंस भी जल्द से जल्द संयुक्ता के कोरोना निगेटिव होने की कामना कर रहे हैं। अभिनेत्री के करियर की बात करें तो वो एमटीवी को रियलिटी शो रोडिज नजर आ चुकी हैं। साथ ही कन्नड़ ‘बिग बॉस 4’ का भी वो हिस्सा रह चुकी हैं। वो आखिरी बार फिल्म ‘पपी’ में नजर आईं थीं।