Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने हत्या के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी शाईन पासी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सांई कॉलोनी में युवक विरेश उर्फ नन्हे की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, शाईन पासी घटना के बाद से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर उसे 23 जुलाई को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह दिल्ली में छिपने के बाद फरीदाबाद लौटा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने विरेश को कुछ रुपये उधार दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे तो विरेश ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसे धमकी दी। इसी विवाद के बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विरेश की हत्या की साजिश रची और हमला करने के लिए पांच लोगों को भेजा। पुलिस इन पांचों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
यह घटना 11 मई 2026 को थाना खेड़ीपुल क्षेत्र की सांई कॉलोनी में हुई थी। विरेश उर्फ नन्हे अपने भाई और अन्य लोगों के साथ घर के बाहर खड़ा था, तभी कार में सवार पांच आरोपी वहां पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान एक आरोपी ने सूआ से वार किया, जिससे विरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान 13 मई को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या की साजिश, उसकी भूमिका, पैसों के लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।

