Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था और जनस्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न कार्यों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने नव नियुक्त सहायक सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
नगर निगम के अनुसार, सुभाष को बंदरों की शिकायतों और मृत पशुओं को उठाने से जुड़े मामलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभिषेक गोयल को वेक्टर जनित रोग, जल परीक्षण और एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शिव कुमार को डेयरियों, गौशालाओं और आवारा पशुओं से संबंधित मामलों का प्रभारी बनाया गया है। अनुराधा को मुख्यालय में सभी ऑनलाइन शिकायत पोर्टलों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि जिम्मेदारियों का स्पष्ट बंटवारा होने से नागरिकों की शिकायतों का जल्द समाधान होगा और शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार आएगा। स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए हैं।

