June 6, 2026

फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांव मिर्जापुर में फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतू, निवासी नीमका (फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर निवासी गौरव ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 31 मार्च की रात उसका भाई रोहित ड्यूटी से घर लौट रहा था। रास्ते में एक ढाबे पर संतू, अमित और लीलू से उसकी गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद रोहित घर चला गया।

अगले दिन आरोपी अपने साथियों के साथ रोहित के घर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। जब रोहित और उसका भाई बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान संतू ने अवैध पिस्टल से फायर कर दिया और मौके से फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अब संतू को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि ढाबे पर हुई कहासुनी के चलते ही इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि मामले में और जानकारी जुटाई जा सके।