June 6, 2026

वाहन चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम ने आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान नितिन कुमार के रूप में हुई है, जो गांव गोच्छी, फरीदाबाद का रहने वाला है। उसे बाईपास रोड पर श्मशान घाट पल्ला के पास से गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में पर्वतीय कॉलोनी निवासी पुनीत ने शिकायत दी थी कि 4 अप्रैल को उसकी मोटरसाइकिल आदर्श विद्यालय, फ्रेंड्स कॉलोनी, बल्लभगढ़ से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में केस दर्ज किया गया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे जुटाने के लिए उसने बाइक चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।