March 7, 2026

गोदाम से क्रेशर मशीन की प्लेट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऑटो सहित सामान बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गोदाम से चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की दो मशीन की प्लेट और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सन्नी, निवासी गांव पाली, ने शिकायत दी थी कि उसके बडखल-पाली रोड स्थित गोदाम से किसी ने क्रेशर मशीन के पार्ट्स चोरी कर लिए। शिकायत पर थाना डबुआ में मामला दर्ज किया गया था।

मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की पुलिस ने आरिफ (31) निवासी गांव बडखल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और नशे के लिए पैसे जुटाने के मकसद से उसने 28 सितंबर को ऑटो में क्रेशर मशीन की तीन प्लेट चोरी की थीं।

पुलिस ने आरोपी से दो प्लेटें और चोरी में इस्तेमाल ऑटो बरामद कर लिया है। आरिफ के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी के दो-दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।