Faridabad/Alive News: टाटा कंपनी के साथ रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश कर 300 प्रतिशत मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आशीष निवासी हनुमानगढ़, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि वह इंस्टाग्राम पर सर्फिंग कर रहा था। इसी दौरान उसे इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह व्हाट्सऐप चैट पर पहुंचा, जहां उसकी बात एक महिला से हुई।
महिला ने उसे टाटा कंपनी के रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश करने पर 300 प्रतिशत मुनाफा देने का झांसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उसके बताए खाते में 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने आशीष को गिरफ्तार किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि ठगी के 1 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में आए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी बीए पास है और एक बैंक में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

