September 1, 2026

मजदूरी के पैसे मांगने पर विवाद, कांच की बोतल से हमला कर व्यक्ति की हत्या; आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: गांधी कॉलोनी में मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में थाना NIT पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान वीरेंद्र उर्फ कालू निवासी गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गांधी कॉलोनी निवासी ओमपाल ने शिकायत दी कि उसका 30 वर्षीय बेटा सागर 30 अगस्त को NIT रेलवे स्टेशन के पास एक ठेके के नजदीक वीरेंद्र से अपनी मजदूरी के पैसे लेने गया था। वहां दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान वीरेंद्र ने वहां पड़ी कांच की बोतल से सागर के सिर और गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सागर की मौत हो गई।

शिकायत के आधार पर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्राथमिक जांच में भी सामने आया कि मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने सागर पर कांच की बोतल से हमला किया।

पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया है। उसे मंगलवार को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।