Faridabad/Alive News: मोहना रोड पर मंगलवार को पीछे से तेज गति से आ रही एक कार की टक्कर लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान छांयसा निवासी सुषमा के रूप में हुई है।
मृतक के पति देवेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी सुषमा अपनी मां कौशल के साथ खेतों की ओर जा रही थी। इसी दौरान मोहना गांव की तरफ से पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने सुषमा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुषमा उछलकर सड़क पर गिर गई और मौके पर ही बेहोश हो गई।
हादसे के बाद कार चालक ने कुछ दूरी पर वाहन रोका और वापस आकर देखने लगा। इसी बीच देवेंद्र और उनका बेटा भी मौके पर पहुंच गए। कार से ही सुषमा और उसकी मां कौशल को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुषमा को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि इसी दौरान कार चालक मेडिकल कॉलेज से वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना थाना छांयसा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने देवेंद्र की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

