August 26, 2026

पुरानी रंजिश के चलते घर पर फायरिंग, छह राउंड गोलियां चलीं

Faridabad/Alive News: मुजेडी गांव में सोमवार रात पुरानी रंजिश के चलते तीन हमलावरों ने एक घर पर छह राउंड फायरिंग की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

गांव निवासी सतपाल उर्फ विकल ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसका भाई एक होटल पर खड़ा था, जहां गांव के ही रहने वाले रोहित से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय मामला शांत हो गया था और उसके बाद सब सामान्य चल रहा था।

आरोप है कि सोमवार रात रोहित, उसका भाई राहुल और नितिन उर्फ तुली, तीनों निवासी मुजेड़ी, ने उनके घर पर पहुंचकर छह राउंड गोली चलाई। हालांकि, कोई भी गोली किसी को नहीं लगी।

घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस पीआरवी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सदर प्रभारी समर सिंह ने बताया कि सतपाल की शिकायत पर रोहित, राहुल और नितिन के खिलाफ पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने के आरोप में भारतीय शस्त्र अधिनियम और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित के खिलाफ पहले से ही थाने में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 14 जनवरी की रात को भी मुजैड़ी गांव में एक अन्य घटना सामने आई थी, जिसमें गांव निवासी गौरव ने आइएमटी क्षेत्र में शराब के ठेके के पास शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद आरोपी रोहित के घर पर चार राउंड फायरिंग की थी।