March 8, 2026

घने कोहरे में खड़े ट्रक से टकराई रोडवेज बस, परिचालक सहित चार घायल

Aurangabad/Alive News: औरंगाबाद के पास घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में रोडवेज बस की टक्कर हो गई, जिससे बस परिचालक सहित चार यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार बस चालक संजीव कुमार सुबह करीब 7 बजकर 10 मिनट यमुनानगर बस स्टैंड से कैथल के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में कोहरा काफी घना था। जैसे ही बस औरंगाबाद के पास पहुंची, सड़क किनारे बिना रिफ्लेक्टर टेप और इंडिकेटर के खड़े एक ट्रक से बस का अगला हिस्सा टकरा गया।
हादसे के समय बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। टक्कर लगने से परिचालक समेत अनिल कुमार, मनीष और मनोज घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को सूचना दी गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क किनारे खड़े वाहन बन रहे हादसों की वजह
सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। जिला पुलिस की ओर से इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की गई है, जिसमें सड़क या सड़क किनारे वाहन न खड़े करने की अपील की गई है। खासकर घने कोहरे के दौरान ऐसे वाहन बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों को वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने और आपात स्थिति में वाहन रोकते समय इंडिकेटर जलाकर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आसपास चेतावनी संकेतक लगाने की भी सलाह दी गई है, ताकि अन्य वाहन चालकों को समय रहते जानकारी मिल सके। इसके बावजूद कई ट्रक चालक लापरवाही बरतते हुए हाईवे किनारे, विशेषकर ढाबों और रेस्टोरेंट के सामने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।