Faridabad/Alive News: उधार के पांच सौ रुपये मांगने पर कार सवार युवकों ने एक दुकानदार के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने दुकानदार को रॉड और डंडों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर डबुआ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
डबुआ कॉलोनी निवासी नंद किशोर की गली में मोबाइल की दुकान है। उसी गली में केशव त्यागी की फास्ट फूड की दुकान है। केशव अक्सर मोबाइल ठीक कराने के लिए नंद किशोर की दुकान पर आता-जाता रहता था और उस पर नंद किशोर के पांच सौ रुपये बकाया थे।
बताया गया कि दो दिन पहले केशव गली के कोने पर खड़ा था, तभी नंद किशोर ने उससे अपने उधार के रुपये मांगे। इस बात पर केशव नाराज हो गया और उसने नंद किशोर को थप्पड़ मार दिया, इसके बाद वह वहां से चला गया।
कुछ समय बाद केशव अपने भाई आदित्य और मोहित के साथ दोबारा नंद किशोर की दुकान पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर उसे रॉड और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपियों ने दुकानदार को बुरी तरह पीटा और गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घायल नंद किशोर को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

