March 8, 2026

स्कॉर्पियो से स्टंटबाजी करने पर 15,500 रुपए का चालान, चालक पर मुकदमा भी दर्ज

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने स्कॉर्पियो गाड़ी में स्टंटबाजी करने वाले युवकों पर कार्रवाई करते हुए 15,500 रुपये का ट्रैफिक चालान जारी किया है। इसके साथ ही चालक के खिलाफ लापरवाही व खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर थाना कोतवाली में आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की रात स्कॉर्पियो में कुछ युवक सड़क पर स्टंट कर रहे थे। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। यातायात नियमों के उल्लंघन पर संबंधित धाराओं के तहत पोस्टल चालान जारी किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह की ड्राइविंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर चल रहे लोगों और अन्य वाहनों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करती है।

फरीदाबाद पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे खतरनाक स्टंट न करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि हरियाणा पुलिस हमेशा सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए तैयार है।