June 13, 2026

24 घंटे में 25 लाख की लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 21 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के अंदर 25 लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 21 लाख रुपये व दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि शिकायतकर्ता रोहित कंसल, जो MVN एथेंस सोसाइटी में रहते हैं और एक प्राइवेट कंपनी में CA हैं, 24 नवंबर की शाम अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके बैग में 25,33,000 रुपये थे। जब वह सिही गेट के पास पहुंचे तो तीन युवक मोटरसाइकिल पर आए, स्कूटी को रोककर उन्हें धक्का दिया, मारपीट की और नुकीला हथियार दिखाकर बैग लूटकर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने तकनीकी जांच की मदद से 25 नवंबर को आरोपियों नवीन, अभिषेक उर्फ अभी और अभिषेक (नारियाला निवासी) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी नवीन है। उसे पता था कि रोहित कंसल कंपनी के पैसे लेकर चलते हैं। नवीन को पहले से जानकारी थी कि उस दिन बड़ी राशि साथ में होगी, इसलिए उसने अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई। वारदात के दौरान नवीन और उसका एक साथी दूसरी बाइक पर रैकी कर रहे थे, जबकि बाकी दो आरोपियों ने पैसे लूटे।

पुलिस ने आरोपियों से 21 लाख रुपये और दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर ली हैं। मुख्य आरोपी नवीन को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी दो आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।