June 6, 2026

श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में अष्टमी पर मां महागौरी की भव्य पूजा का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: नवरात्र के आठवें दिन (अष्टमी) श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में माता महागौरी की भव्य पूजा-अर्चना धूमधाम से संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन आरती का शुभारंभ करवाया। अष्टमी के दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर माता महागौरी की पूजा-अर्चना में भाग लिया और अपने मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए माता से प्रार्थना की।

इस अवसर पर मंदिर में कंजक पूजन का विशेष आयोजन भी किया गया। प्रधान जगदीश भाटिया ने विधिपूर्वक कन्याओं का पूजन कर उन्हें प्रसाद वितरित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

माता महागौरी को मां दुर्गा का आठवां स्वरूप माना जाता है। उनका स्वरूप अत्यंत शांत, सौम्य और गौर वर्ण का है। उनके उज्ज्वल स्वरूप की तुलना शंख, चंद्रमा और कुंद के फूल से की जाती है। माता की सवारी वृषभ (बैल) है और उनकी चार भुजाएं हैं, जिनमें वे त्रिशूल और डमरू धारण करती हैं, जबकि एक हाथ अभय मुद्रा और दूसरा वर मुद्रा में होता है।

जगदीश भाटिया ने कहा कि अष्टमी के दिन सच्चे मन से माता महागौरी की पूजा करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नवरात्र और अष्टमी की शुभकामनाएं दीं।