March 8, 2026

मेवला महाराजपुर फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर और ऑटो की भीषण टक्कर, पांच लोग गंभीर रूप से घायल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर फ्लाईओवर पर आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयंकर था कि ऑटो की छत उड़ गई और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

घटना के समय ऑटो में पांच लोग सवार थे, जो सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। चश्मदीदों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर का नंबर एचआर-51 सीएफ 8830 बताया जा रहा है। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को तुरंत बीके अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।

हादसे के कारण फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फ्लाईओवर पर खून फैला हुआ था और ऑटो की हालत देख कर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।