Faridabad/Alive News: दीपावली के पावन अवसर पर सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक दीया शहीदों के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस और सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से विद्यालय के प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देश की सीमाओं पर डटे वीर सैनिकों को नमन करते हुए रंगोली सजाई और शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्वलित किए। विद्यार्थियों ने “एक दीया शहीदों के नाम”, “एक दीया देश के सशस्त्र बलों के नाम” और “एक दीया विद्यालय के नाम” जलाकर देशप्रेम का संदेश दिया।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि यह समाज को एकता, उजाले और कृतज्ञता का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने वीर सैनिकों के प्रति सदैव नतमस्तक हैं, जिनकी बदौलत हम अपने घरों में शांति और आनंद के साथ दीपोत्सव मना पाते हैं।
उन्होंने बताया कि दीपावली का पर्व पांच दिनों तक चलने वाला प्रमुख उत्सव है, जिसमें भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति में दीप जलाए जाते हैं। इस दिन घरों, विद्यालयों, कार्यालयों और दुकानों को दीपों व रंगीन रोशनियों से सजाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी अध्यापक रजनी, सोनिया, सुनील, ममता, गीता, दीपांजलि, निखिल, धर्मपाल, दिनेश, रविंद्र सहित विद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।
अंत में प्राचार्य मनचंदा ने सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं विश्वकर्मा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भारतीय थल सेना, नौसेना तथा वायुसेना के वीर प्रहरियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

