October 2, 2024

डीएवी एनटीपीसी स्कूल में धूमधाम से आयोजित हुआ खेल पुरस्कार वितरण समारोह

Faridabad/Alive News: डीएवी पब्लिक स्कूल एनटीपीसी में खेल पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेश चोपड़ा और डीएवी एनटीपीसी के चेयरमैन के.नरसिम्हा रेड्डी रहे। विशिष्ठ अतिथि के रूप में प्रेमलता गर्ग, डीएवी एनटीपीसी मैनेजर नानकचंद गर्ग, कोषाध्यक्ष सी.एम.सी. और धर्मवीर असिस्टेंट कमांडर सी.आई.एस.एफ.रहे।

समारोह का शुभारंभ खेल मशाल को प्रज्ज्वलित करके तथा आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाते हुए किया गया। मुख्य अतिथि के स्वागत में बच्चों ने पराम्परिक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद नन्हे–मुन्हे मोती विंग की दौड़ प्रतियोगिताओं के साथ ड्रैगन, हैट रिले, लेग अप, अम्ब्रेला रेस आदि सभी प्रतियोगिताओ में विद्यार्थियों ने जोश के साथ भाग लिया। कक्षा एल.के.जी से दूसरी कक्षा के नन्हे-मुन्हे बच्चों के ‘फन ऐंथन‘ के रंगारंग कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया।

वहीं, कक्षा तीसरी से आठवीं के बच्चों ने मनमोहक नृत्य व बैम्बू ड्रिल की शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। एक भारत श्रेष्ठ भारत की मुहिम को ध्यान में रखते हुए भारत के विभिन्न राज्यों की प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों के द्वारा एस.जी.एफ.आई द्वारा आयोजित जिला, क्षेत्रीय व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में तीरंदाजी, ताइकांडो, कराटे, बॉक्सिंग व एथलैटिक्स में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक प्राप्त खिलाडियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की पूर्व छात्रा तनीषा को अंतरराष्ट्रीय यूथ वूमेन एशियन बॉक्सिंग चैंपियन शीप जॉर्डन में प्राप्त कास्य पदक व राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने हेतु सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अलका अरोड़ा ने एथलेटिक्स खेल प्रतियोगिता में विजयी सामवेद सदन व सभी पदक विजताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दी।

विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेलों का महत्व बताते हुए खेलों में बढ़- चढ़कर भाग लेने के लिये छात्रों को प्रेरित किया और विद्यालय के सभी अतिथियों व अभिभावकों का हार्दिक आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के समापन में ‘धोलीढा’ नृत्य की धूम से सभी झूम उठे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।