November 15, 2026

सड़क पर रफ्तार से पहले संयम और अहंकार से पहले इंसानियत की जरूरत

Tilak Raj Shrma
तिलक राज शर्मा

आज सड़कें केवल सफर का माध्यम नहीं रह गई हैं, बल्कि लोगों के बढ़ते गुस्से, अधीरता और असहिष्णुता का आईना भी बनती जा रही हैं। जरा-सी बात पर भड़क उठना, ओवरटेक करने को लेकर विवाद, हॉर्न बजाने पर मारपीट, मामूली टक्कर के बाद गाली-गलौज और यहां तक कि जानलेवा हमले जैसी घटनाएं समाज में तेजी से बढ़ती आक्रामक मानसिकता की ओर इशारा करती हैं। चिंताजनक बात यह है कि सड़क पर होने वाले छोटे-छोटे विवाद कई बार किसी परिवार की जिंदगी में ऐसा अंधेरा भर देते हैं, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। आखिर हम किस दिशा में जा रहे हैं, जहां कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी और अहंकार किसी की जान से भी ज्यादा कीमती हो गए हैं?

सड़क पर बढ़ती हिंसा के पीछे केवल यातायात नियमों की अनदेखी ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरी सामाजिक और मानसिक समस्या भी छिपी है। भागदौड़ भरी जिंदगी, काम का दबाव, आर्थिक और पारिवारिक तनाव, बढ़ती प्रतिस्पर्धा तथा सहनशीलता में आती कमी ने लोगों को चिड़चिड़ा बना दिया है। व्यक्ति छोटी-सी असुविधा को भी अपने सम्मान पर चोट समझने लगता है। किसी ने रास्ता नहीं दिया, किसी ने हॉर्न बजा दिया या किसी वाहन ने आगे निकलने की कोशिश कर ली तो लोग आपा खो बैठते हैं। सड़क पर धैर्य और समझदारी दिखाने के बजाय अपनी ताकत और प्रभाव साबित करने की होड़ शुरू हो जाती है।

सबसे दुखद स्थिति तब पैदा होती है, जब सड़क पर विवाद के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहते हैं। किसी घायल की मदद करने या विवाद शांत कराने के बजाय लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त हो जाते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह कई बार मानवीय संवेदनाओं पर भारी पड़ती दिखाई देती है। यह केवल कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक चरित्र और सामूहिक जिम्मेदारी की भी परीक्षा है। सड़क पर घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाना और जरूरतमंद की मदद करना किसी पर एहसान नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य है।

इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी भी कम नहीं है। सड़क पर मारपीट, धमकी और हिंसा करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रभावी पुलिस गश्त और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। साथ ही, सड़क पर हिंसा करने वालों को कानून के दायरे में लाकर यह स्पष्ट संदेश देना होगा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है।

लेकिन केवल पुलिस कार्रवाई से इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए परिवार, स्कूल और समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। बच्चों को बचपन से ही धैर्य, अनुशासन, दूसरों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का पाठ पढ़ाना होगा। वाहन चलाते समय संयम रखना, गलती होने पर माफी मांगना और दूसरे की गलती को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाना कमजोरी नहीं, बल्कि परिपक्वता की निशानी है।

सड़क पर हर व्यक्ति किसी का पिता, भाई, बेटा या परिवार का सहारा है। कुछ मिनट की देरी से किसी का नुकसान नहीं होता, लेकिन गुस्से में उठाया गया एक गलत कदम कई जिंदगियां उजाड़ सकता है। जरूरत इस बात की है कि हम सड़क को अपनी ताकत दिखाने का अखाड़ा नहीं, बल्कि साझा जिम्मेदारी का स्थान समझें। सभ्य समाज की पहचान तेज गाड़ियों और चौड़ी सड़कों से नहीं, बल्कि वहां चलने वाले लोगों के व्यवहार और संवेदनाओं से होती है। यदि सड़क पर हमारा गुस्सा इसी तरह बेलगाम होता रहा तो विकास की तमाम उपलब्धियों के बावजूद हम मानवीय मूल्यों के मामले में पीछे छूटते जाएंगे। अब समय है कि रफ्तार से पहले संयम और अहंकार से पहले इंसानियत को महत्व दिया जाए।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं अलाइव के संपादक हैं)