October 1, 2024

यमुना नदी में छठ करने पर लगी रोक, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

New Delhi/Alive News: इस बार छठ पूजा यमुना नदी पर करने पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में श्रृद्धालु छठ पूजा करने यमुना में न जाएं इसके लिए दिल्ली पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम भी किए हैं। दिल्ली पुलिस यमुना नदी पर ड्रोन से नजर रखेगी। यमुना नदी के किनारे व घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यमुना के किनारे भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

छठ पूजा कमेटियों के अनुसार इसके लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वह छठ पूजा के लिए यमुना में न जाए। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा के लिए जो घाट बनाए हैं उनमें ही पूजा करें। शुक्रवार रात से ही यमुना के किनारे चौकसी बढ़ा दी गई थी। पुलिसकर्मी वोट से यमुना में गश्त कर श्रद्धालुओं को यमुना में जाने से रोकेंगे।

उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि छठ पूजा के दौरान यमुना नदी पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि यमुना नदी व घाटों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। घाट व यमुना नदी के किनारे एबुलेंस व फायर ब्रिगेड तैनात की जाएंगी।