September 16, 2026

अजरौंदा के लोगों ने सड़क जाम कर निगम अधिकारियों के खिलाफ जताई नाराजगी

Faridabad/Alive News: लंबे समय से टूटी सड़क और सीवर की समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार को सड़क पर जाम लगाकर निगम अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराया। आपको बता दे कि सीवर लाइन बिछाने के लिए नगर निगम ने अजरौंदा गांव की मुख्य सड़क खोदी गई थी। जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।

इसी मुद्दे पर लोगों ने मंगलवार को सेक्टर-15 बीएसएनएल वाली रोड पर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने नाराजगी जताई कि निगम अधिकारियों की लापरवाही से पिछले 10 दिनों से सड़क की खोदाई की गई है। इससे परेशानी हो रही है। सीमेंट से बनी इस सड़क के नीचे सीवर लाइन डालने का काम किया जाना है, मगर काम पूरा नहीं किया गया है। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम को खोल दिया गया।

ज्ञात हो कि गत वर्ष 10 दिसंबर को निगमायुक्त यशपाल यादव अजरौंदा में पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने गांव की समस्याओं से अवगत कराया था। निगमायुक्त ने लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए आश्वस्त किया था। उप महापौर मनमोहन कहना है कि लोगों की नाराजगी जायज है। ठेकेदार को जल्द सीवर लाइन डालने का काम पूरा करना चाहिए, ताकि लोगों को परेशानी न हो।