September 28, 2024

दहेज प्रताड़ना के आरोप में 10 पर केस दर्ज

Palwal/Alive News : शादी में दहेज की मांग पूरी ना होने पर अलग-अलग जगह से दो विवाहिताओं के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने का मामला सामने आया हैं। एक पीड़िता ने पति पर यौन-शोषण करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर दस नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार पलवल की भगत कालोनी निवासी सुमन ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि मेरी शादी 16 अप्रैल वर्ष 2014 को ताजपुर पहाड़ी बदरपुर (दिल्ली) निवासी अनील के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने यथा संभंव दान-दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही अधिक दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे। दहेज लाने में असमर्थता जताने पर पीड़िता को पति, ससुर सुखबीर, सास बीरवती व देवर गौरव ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया और दहेज लाने पर ही वापस आने को कहा।

इसी प्रकार एक पीड़ित ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर पति, जेठ, जेठानी और ससुर ने घर से निकाल दिया। वहीं पीड़िता का आरोप है कि पति द्वारा उसका यौन-शोषण किया जाता है। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।