September 28, 2024

गर्मियों में इस एक कलर के साथ एक्सपेरिमेंट कर पा सकती है अलग लुक

सादगी के प्रतीक सफेद रंग का अपना अलग ही ग्रेस है। शायद इसीलिए यह हर उम्र और वर्ग का पसंदीदा रंग है। चाहे कॉलेज गोइंग गर्ल्स हों या कॉरपोरेट प्रोफेशनल्स, बॉलीवुड सेलेब्स हों या खेल जगत के सितारे, यह सबको आकर्षित करता है और सब पर आकर्षक लगता है। इंडियन, वेस्टर्न हर आउटफिट पर खूबसूरत दिखने वाला सफेद रंग गर्मियों के लिए क्लासिक कलर है। गर्म हवाओं और तेज धूप वाले मौसम में इस रंग के साथ ऐसे अपना लुक अलग करें।

यूं दिखेंगी सबसे अलग
वर्कप्लेस पर स्टाइलिश दिखने में सफेद रंग आपकी भरपूर मदद करेगा। स्मार्ट लुक के लिए व्हाइट पलाजो के साथ इसी रंग का नीलेंथ कुर्ता पेयर करें और दिखें स्टाइलिश। इंडियन आउटफिट्स पसंद नहीं तो ऑफ व्हाइट मिड लेंथ मिडी या व्हाइट हाई वेस्ट पैंट के साथ बेसिक व्हाइट शर्ट ट्राई कर सकती हैं। व्हाइट पेंसिल स्कर्ट के साथ इसी रंग का क्रॉप टॉप भी स्मार्ट चॉयस कहलाएगी। वर्क फ्रॉम होम कर रही हों तो वाइड लेग ट्राउजर या पलाजो के साथ स्मार्ट क्रॉप टॉप पेयर किया जा सकता है। जब फील्ड में जाना हो या वीडियो प्लेटफॉर्म पर कलीग्स से जुड़ना हो तो इसके साथ जैकेट या श्रग टीमअप कर फॉर्मल लुक पा सकती हैं।

जब जाना हो बाहर
दोस्तों के साथ शॉपिंग पर जा रही हों तो व्हाइट शर्ट ड्रेस विद ब्राउन बेल्ट या नीलेंथ स्कर्ट के साथ व्हाइट टॉप पेयर कर सकती हैं। कैजुअल लुक के लिए यह बेहतरीन ऑप्शन है। ट्रैवल कर रही हों तो व्हाइट रिप्ड जींस के साथ व्हाइट टॉप या राउंड नेक टीशर्ट टीमअप कर स्टाइलिश दिखा जा सकता है।

पार्टी में पहनें व्हाइट
दोस्त की बर्थडे पार्टी में व्हाइट मैक्सी ड्रेस तो वेडिंग फंक्शन में ऑफ व्हाइट लहंगा ट्राई कर सकती हैं। घर पर सहेलियों के साथ पार्टी करनी हो तो व्हाइट स्कर्ट के साथ इसी रंग का क्रॉप टॉप कैरी किया जा सकता है। लेस वाली सफेद स्कर्ट के साथ लेस वाला टॉप भी मौके के लिए अच्छा ऑप्शन है। कलीग के यहां डिनर पार्टी हो तो व्हाइट चिकनकारी साड़ी ट्राई कर सकती हैं। स्मार्ट लुक के लिए साड़ी के साथ ब्लाउज़ की जगह शर्ट भी पेयर किया जा सकता है।

  • सफेद रंग के ढीले-ढाले आउटफिट्स बिल्कुल अच्छे नहीं लगते। इसलिए व्हाइट आउटफिट्स पहनते समय फिटिंग का खास ख्याल रखें।
  • व्हाइट को किसी भी रंग के साथ मिक्स एंड मैच किया जा सकता है। चाहे ब्लू जींस हो या रेड स्कर्ट। यह सभी के साथ बेहतरीन लगता है।
  • व्हाइट आउटफिट्स के साथ ब्राइट कलर के फुटवेयर और हैंडबैग कैरी करें।