April 30, 2024

कर्ज और लेनदारों की प्रताड़ना से परेशान दंपत्ति ने ट्रैन के आगे कूदकर दी जान

Haryana/Alive News : हरियाणा के हिसार में एक 34 साल के आढ़ती ने 32 साल की पत्नी के साथ घर से करीब 10 किलोमीटर दूर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। दंपति पिछले काफी समय से लाखों रुपए कर्ज और लेनदारों की प्रताड़ना से परेशान था। इसका जिक्र आत्महत्या से पहले लिखे एक सुसाइड नोट में किया गया है। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सिविल हॉस्पिटल में रखवा दिया है। संजय बंसल की पहली, डिंपल की दूसरी शादी थी…

– फैमिलीवालों के मुताबिक संजय बंसल मूलत: हांसी के गांव ढंढेरी का रहने वाला था। उसकी शादी करीब डेढ़ साल पहले उकलाना की रहने वाली डिंपल के साथ हुई थी, जोकि पहले से शादीशुदा थी मगर पति के साथ तलाक हो गया था। उसका एक आठ साल का बेटा है।

– दोनों मोरी गेट में किराये पर कमरा लेकर रहने लगे थे। कुछ महीने बाद संजय अपनी बहन के पास पंजाब रहने चला गया था। फिर लौटकर उसी मकान में रहने लगे थे। करीब दो-तीन महीने पहले डिंपल ने अपना बेटा ननिहाल में भिजवा दिया था। सिर्फ स्कूल की छुट्टियों में आता था।

– लेनदारों से बेटे को खतरा ना हो, इस कारण भी उसे दूर भेजा था। लाखों रुपये कर्ज से परेशान दंपति के घर लेनदार आने लगे थे। उनसे रुपये मांगते थे। ना देने पर धमकाते तक थे। शोर होता था, जिसकी आवाज मकान मालिक और पड़ोसियों के कानों तक पहुंचती थी।

– पिछले कई दिनों से यह सिलसिला चल रहा था, जिसके कारण मजबूर होकर दंपति ने उक्त कदम उठा लिया।

कपल के बीच कोई विवाद नहीं था : मकान मालिक

मृतक दंपति के मकान मालिक इंद्र ने बताया कि लेनदार घर आते रहते थे। दंपति काफी परेशान रहते थे। रिश्तेदारों ने कर्जा उतारने के लिए काफी मदद की। पर, कर्जा उतर नहीं रहा था। बार-बार घर आकर लेनदार रुपए लौटाने की कहते थे, जिसका शोर उन्हें सुनाई देता था। दंपति के बीच कोई विवाद नहीं था।

मरने से पहले दोस्त को किया था फोन

मृतक संजय बंसल के दोस्त घनश्याम ने बताया कि संजय बंसल मेरा अच्छा दोस्त था। उसका सुबह साढ़े 10 बजे फोन आया था। कह रहा था कि बहुत परेशान हूं। सबकुछ छोड़कर पंजाब चला जाऊंगा। उसे समझाया था कि सबकुछ ठीक हो जाएगा।

जेब से मिला सुसाइड नोट

– मृतक संजय बंसल के भाई रामफल लाखों रुपये कर्ज था। दोपहर करीब सवा एक बजे संजय का फोन आया था। वह बोल रहा था कि लेनदार परेशान कर रहे हैं।

– वह रोने लगा था। तब डिंपल की आवाज आई कि चलो फोन रखो। हम अब निकलते हैं। इसके बाद उसका फोन बंद आने लगा था। उसकी जेब से सुसाइड नोट मिला है।

– इस मामले की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन रेलवे थाना पहुंच गए। मृतक के भाई रामफल ने कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

– राजकीय रेलवे थाना इंचार्ज महिपाल ने बताया कि मृतकों के कपड़ों से मिले दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं परिजनों के बयान लेकर कार्रवाई करेंगे।