November 27, 2026

फोन हैक कर 5.98 लाख रुपये की साइबर ठगी, दिल्ली का खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर थाना NIT में फोन हैक कर साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद रिजवान।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने फोन हैक कर करीब छह लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद रिजवान निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के क्रेडिट कार्ड खाते में ठगी की रकम में से 1 लाख 27 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव पाली निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 नवंबर 2026 को उसका मोबाइल फोन हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 5,98,954 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के क्रेडिट कार्ड खाते में साइबर ठगी के 1,27,000 रुपये आए थे। आरोपी चूड़ियों की दुकान चलाता है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।