Faridabad/Alive News: केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि हरियाणा खेलों की खान है। यहां के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान देश के लिए गौरव की बात है।
वे रविवार को सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में आयोजित पांचवें सांसद खेल महोत्सव की पुरुष वर्ग की तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 400 मीटर दौड़ और रस्साकशी की फाइनल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। साथ ही विभिन्न खेलों में विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में करीब 3,100 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि 15 दिन पहले आयोजित लड़कियों की प्रतियोगिताओं में लगभग 1,500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस प्रयास से युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने हॉकी, क्रिकेट, महिला क्रिकेट, मुक्केबाजी, कुश्ती, कबड्डी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों में अपनी पहचान बनाई है। खेल महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर और प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि वे भविष्य में देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में युवाओं को नशे से बचाना और खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना महत्वपूर्ण है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
महोत्सव में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, कबड्डी, तलवारबाजी, खो-खो, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, कुश्ती, हॉकी और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएसआर प्रायोजकों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने जिला प्रशासन की ओर से कृष्णपाल गुर्जर को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विधायक सतीश फागना को भी शॉल भेंट की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर विधायक सतीश फागना, विधायक धनेश अदलखा, अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम त्रिलोक चंद, एसडीएम डॉ. हनी बंसल, जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पूर्व महापौर सुमन बाला, विभिन्न पार्षद, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, प्रायोजक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

