Faridabad/Alive News: सुबह-शाम की ठंड और दिन में तापमान में बदलाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में पेट संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। बीके नागरिक अस्पताल में इन दिनों पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, खानपान में लापरवाही और बदलते मौसम में सावधानी नहीं बरतने से ऐसी समस्याएं बढ़ रही हैं। लगातार उल्टी-दस्त होने से शरीर में पानी और नमक की कमी हो सकती है, जो बच्चों और बुजुर्गों के लिए गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
बीके अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में रोजाना करीब 50 मरीज उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। इस मौसम में लोगों को खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सुबह और शाम ठंड से बचने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें। पेट में दर्द, ऐंठन, बार-बार उल्टी, पतले दस्त, कमजोरी और मुंह सूखना इसके प्रमुख लक्षण हैं। इसके अलावा पेशाब कम आना भी शरीर में पानी की कमी का संकेत हो सकता है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें और परेशानी बढ़ने पर तुरंत अस्पताल में उपचार कराएं।

