Faridabad/Alive News: भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता को बच्चों ने अपनी कल्पनाओं के रंगों से कैनवास पर जीवंत कर दिया। किसी ने देश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों को उकेरा तो किसी ने अलग-अलग त्योहारों और ऋतुओं की खूबसूरती दिखाई। सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल में रविवार को आयोजित 16वीं वार्षिक चित्रकला प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर के बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों के लिए अलग-अलग विषय रखे गए थे। 6 से 8 वर्ष वर्ग में ‘सीजन्स ऑफ भारत’, 9 से 12 वर्ष में ‘फेस्टिवल्स ऑफ भारत’ और 13 से 16 वर्ष में ‘भारत के तीर्थ स्थल’ विषय पर पेंटिंग बनाई गईं।
प्रतियोगिता में 6 से 8 वर्ष वर्ग में वैधाई मेहता प्रथम, उदिशा माझी द्वितीय और अनन्या प्रधान तृतीय रहीं। 9 से 12 वर्ष वर्ग में आहर्षि मजूमदार ने पहला, वेदिका केशवानी ने दूसरा और अब्दुल रहीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, 13 से 16 वर्ष वर्ग में संस्थिता दास प्रथम, अविष्का शुक्ला द्वितीय और उज्जन जना तृतीय रहे। विजेताओं को क्रमश: 15 हजार, 10 हजार और 7500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एनके पांडेय ने विजेताओं को सम्मानित किया।

