November 21, 2026

जनगणना में लगेगी शिक्षकों की ड्यूटी, मार्च से पहले नहीं रखी जाएंगी प्रमुख विषयों की परीक्षाएं

Faridabad/Alive News: जनगणना-2027 के चलते अगले साल की परीक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। जनगणना कार्य में बड़ी संख्या में स्कूल शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने के कारण शिक्षा विभाग ने 1 मार्च 2027 से पहले प्रमुख विषयों की परीक्षाएं निर्धारित नहीं करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय इस समयसीमा का ध्यान रखने को कहा है, ताकि जनगणना और परीक्षा की जिम्मेदारियों के बीच टकराव न हो।

जारी पत्र के अनुसार, जनगणना के लिए देशभर में करीब 34 लाख कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनमें सबसे अधिक संख्या प्राथमिक और मिडिल स्कूलों के शिक्षकों की होगी। इसके अलावा माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक भी इस काम में लगाए जाएंगे। ऐसे में शिक्षकों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए प्रमुख विषयों की परीक्षाओं का कार्यक्रम तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

जनगणना की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जा रही है। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और आवास संबंधी जानकारी जुटाने का काम मणिपुर को छोड़कर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में जनवरी 2027 से घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। यह प्रक्रिया 1 मार्च 2027 तक चलेगी। इसी अवधि में शिक्षकों की ड्यूटी रहने की संभावना को देखते हुए विभाग ने प्रमुख विषयों की परीक्षाएं इससे पहले नहीं कराने के निर्देश दिए हैं।