November 20, 2026

फरीदाबाद में महिला के गले से सोने की चेन झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चेन बरामद

फरीदाबाद में महिला से सोने की चेन झपटने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी और बरामद सोने की चेन।

काले रंग की बाइक पर सवार होकर दिया था वारदात को अंजाम, दिल्ली के रहने वाले हैं दोनों आरोपी; स्नैचिंग के दूसरे मामले में निमका जेल में थे बंद

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं और पहले भी आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वसुंधरा सोसाइटी, सेक्टर-35, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब आठ बजे वह अपने घर के नीचे टहल रही थीं। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने प्रिंस नेगी उर्फ रूपेश निवासी जेजे कॉलोनी, मदनपुर खादर, दिल्ली और नरेंद्र उर्फ अनिल निवासी खानपुर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने मिलकर 25 अक्टूबर को महिला के साथ स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वे स्नैचिंग के एक अन्य मामले में निमका जेल में बंद थे, जहां से उन्हें इस मामले में पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर झपटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।