Faridabad/Alive News: शहर में अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वाले अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 19 नवंबर को अपराध शाखा सेक्टर-56 और अपराध शाखा बॉर्डर की टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पहले मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कृष्णा कॉलोनी में सेक्टर-24/25 पुल के नजदीक से शिव कुमार निवासी गांव मरघटी, जिला छत्तीसगढ़, हाल निवासी कृष्णा कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह देसी कट्टा छत्तीसगढ़ से 3,000 रुपये में खरीदकर लाया था।
वहीं, दूसरे मामले में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांधी कॉलोनी निवासी सोनू को दुर्गा बिल्डर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह हथियार दिल्ली से 4,000 रुपये में खरीदा था। पुलिस के मुताबिक, सोनू का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

