November 20, 2026

कंपनी से 3 लाख की एल्युमिनियम चोरी करने वाले दो गिरफ्तार, 12 सिल्ली व ऑटो बरामद

Faridabad/Alive News: थाना धौज क्षेत्र के गांव कुरैशीपुर स्थित एक कंपनी से करीब 3 लाख रुपये कीमत की एल्युमिनियम सिल्ली चोरी करने के मामले में अपराध शाखा ऊंचा गांव ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुरैशीपुर निवासी इकलाश और रहीश के रूप में हुई है।​

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 8 नवम्बर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने कुरैशीपुर स्थित मोहम्मद नौशाद की ‘आरएनएम इंडस्ट्रीज’ का ताला तोड़कर लगभग 955 किलोग्राम एल्युमिनियम सिल्ली चोरी कर ली थी। थाना धौज में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।​

अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने जांच के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों दोस्त हैं और इकलाश के ऑटो से वारदात करने पहुंचे थे। वे कुछ माल बेच चुके थे और बाकी बेचने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 73.500 किलोग्राम वजनी 12 एल्युमिनियम सिल्ली व वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। शेष माल की बरामदगी के लिए दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।