November 18, 2026

साइबर ठगी के दो मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, 4.18 लाख रुपये की धोखाधड़ी

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने एक व्यक्ति से दोस्त बनकर और दूसरी महिला को टेलीग्राम टास्क में निवेश का लालच देकर कुल 4,18,948 रुपये की ठगी की थी।

पहले मामले में सेक्टर-62 निवासी हरीश कुमार को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को उनका दोस्त राहुल बताया और अस्पताल में इमरजेंसी का बहाना बनाकर 90 हजार रुपये मांगे। जांच में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी विक्रांत वर्मा को गिरफ्तार किया। उसके बैंक खाते में ठगी के 30 हजार रुपये आए थे। उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

दूसरे मामले में सेक्टर-65 निवासी महिला से टेलीग्राम टास्क के नाम पर 3,28,948 रुपये ठगे गए। इस मामले में पुलिस ने ग्रेटर नोएडा निवासी पियूष को गिरफ्तार किया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने लोगों से अनजान व्यक्तियों को पैसे न भेजने और साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की है।