November 18, 2026

टीकाकरण की अधूरी डोज वाले बच्चों की होगी पहचान, 15 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

Faridabad/Alive News: जिले में खसरे के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अब बच्चों के टीकाकरण का रिकॉर्ड खंगाल रहा है। जिन इलाकों में खसरे के मामले सामने आए हैं, वहां विशेष निगरानी की जा रही है। इसके तहत 9 माह से 10 वर्ष तक के बच्चों का घर-घर सर्वे शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पता लगा रही हैं कि कितने बच्चों को एमआर (खसरा-रूबेला) का टीका नहीं लगा है और कितने बच्चों की वैक्सीन की डोज अधूरी है। इसका उद्देश्य संक्रमण को आगे फैलने से रोकना और टीकाकरण से छूटे बच्चों को सुरक्षा देना है।

स्वास्थ्य विभाग का यह विशेष अभियान 16 नवंबर से शुरू होकर 15 दिसंबर तक चलेगा। इसके लिए खसरे के मामले सामने आने वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। जिले के 11 स्वास्थ्य संस्थानों और उनके अंतर्गत आने वाले इलाकों में टीमें घर-घर जाकर बच्चों की टीकाकरण स्थिति की जांच कर रही हैं।

इनमें एसडीएच बल्लभगढ़, एफआरयू-2, पीएचसी धौज, पीएचसी फतेहपुर बिल्लौच, पीएचसी सिकरी, यूएचसी मुजेसर, संजय कॉलोनी, एसी नगर, राजीव कॉलोनी और सारन सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, इन चिह्नित इलाकों में अब तक खसरे के 48 मामले सामने आ चुके हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे सर्वे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सही जानकारी दें और बच्चों का टीकाकरण रिकॉर्ड दिखाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा खसरे से बचाव के टीके से वंचित न रहे।