Faridabad/Alive News: एक बच्चे के इलाज से दूसरे बच्चे की जिंदगी बचाने की मिसाल डॉक्टरों ने पेश की है। अमृता अस्पताल में डॉक्टरों ने दुर्लभ डोमिनो लिवर ट्रांसप्लांट तकनीक के जरिए चार मासूम बच्चों को नया जीवन दिया है। इस प्रक्रिया में दो बच्चों को उनकी मां और दादी ने लिवर का हिस्सा दान किया। इसके बाद इन दोनों बच्चों के शरीर से निकाले गए स्वस्थ लिवर को दो अन्य गंभीर रूप से बीमार शिशुओं में प्रत्यारोपित किया गया। इस तरह एक ही उपचार प्रक्रिया से चार बच्चों की जिंदगी बचाने में सफलता मिली।
दरअसल, आरव और अन्वी मेपल सिरप यूरिन डिजीज (एमएसयूडी) नामक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी से पीड़ित थे। इस बीमारी में शरीर कुछ अमीनो एसिड को सही तरीके से पचा नहीं पाता। हालांकि, दोनों बच्चों का लिवर संरचनात्मक रूप से स्वस्थ था। डॉक्टरों ने इसी आधार पर डोमिनो ट्रांसप्लांट की योजना बनाई।
आरव को उसकी मां और अन्वी को उसकी दादी ने लिवर का हिस्सा दिया। इसके बाद दोनों बच्चों के स्वस्थ लिवर राघव और कबीर में प्रत्यारोपित किए गए। ये दोनों शिशु एक साल से कम उम्र के थे और प्रोग्रेसिव फैमिलियल इंट्राहेपेटिक कोलेस्टेसिस (पीएफआईसी) से जूझ रहे थे।
डॉक्टरों ने लगातार दो दिनों में चारों प्रत्यारोपण पूरे किए। अस्पताल के अनुसार, अब चारों बच्चे स्वस्थ हैं और उनके लिवर सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
अस्पताल के लिवर ट्रांसप्लांट एवं एचपीबी सर्विसेज के प्रमुख डॉ. शालीन अग्रवाल ने बताया कि छोटे बच्चों के लिए सही आकार का लिवर मिलना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में डोमिनो ट्रांसप्लांट तकनीक एक साथ कई मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।

