November 18, 2026

बीके अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर ऑटो चालकों का कब्जा

Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलना तो दूर, उन्हें लेकर पहुंचने वाली एंबुलेंस को इमरजेंसी गेट तक पहुंचने के लिए भी रास्ते की जद्दोजहद करनी पड़ रही है। अस्पताल के इमरजेंसी गेट के आसपास ऑटो चालकों ने अवैध पार्किंग बना रखी है। हालात ऐसे हैं कि रास्ता खाली कराने के लिए पुलिसकर्मियों को भी ऑटो चालकों के सामने हाथ जोड़ने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद ऑटो चालक कुछ देर बाद फिर उसी जगह अपने वाहन खड़े कर देते हैं।

मौके पर एक पुलिसकर्मी ऑटो चालकों से हाथ जोड़कर रास्ता खाली करने की अपील करता नजर आया। इस दौरान एक एंबुलेंस भी गंभीर मरीज को लेकर अस्पताल पहुंची। रास्ते में ऑटो खड़े होने के कारण एंबुलेंस को निकलने में परेशानी हुई और पहले वाहनों को हटवाना पड़ा। एंबुलेंस चालक के अनुसार, इमरजेंसी गेट पर ऑटो खड़े होने से मरीजों को लेकर आने-जाने में दिक्कत होती है।

अस्पताल का इमरजेंसी गेट गंभीर मरीजों और आपातकालीन वाहनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां अवैध पार्किंग होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो सकती है। खासकर गंभीर मरीजों के मामले में कुछ मिनट की देरी भी भारी पड़ सकती है।

जिला अस्पताल के कार्यकारी पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि अवैध पार्किंग हटाने के लिए समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन ऑटो चालक दोबारा सड़क के बीच वाहन खड़े कर देते हैं।