Faridabad/Alive News: औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण के मानकों का पालन करना अब भारी पड़ रहा है। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जरूरी उपकरण लगाने में लापरवाही बरतने वाली तीन औद्योगिक इकाइयों पर जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। अधिकारियों ने तीनों इकाइयों को सील करने के साथ उनके बिजली कनेक्शन भी कटवा दिए हैं। जांच के दौरान ये इकाइयां प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाने या पुराने उपकरणों को अपडेट करने से संबंधित जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत एनसीआर की औद्योगिक इकाइयों के लिए संशोधित उत्सर्जन मानक लागू किए गए हैं। इन मानकों के अनुसार इकाइयों को पार्टिकुलेट मैटर के उत्सर्जन पर नियंत्रण रखना अनिवार्य है। इसके लिए वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरण लगाना या मौजूदा उपकरणों की रेट्रोफिटिंग करवाना जरूरी है।
कार्रवाई के दौरान तीनों इकाइयां न तो उपकरण लगाने का संतोषजनक वर्क ऑर्डर दिखा सकीं और न ही रेट्रोफिटिंग से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत कर पाईं। इसके अलावा उनके पास वैध छूट प्रमाणपत्र या पर्याप्तता प्रमाणपत्र भी नहीं था।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

