November 18, 2026

परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की लिखने की क्षमता पर जोर, कॉलेजों में दिए जा रहे विषयवार असाइनमेंट

Faridabad/Alive News: परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि सवालों के जवाब लिखने का अभ्यास करना भी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कॉलेजों में विद्यार्थियों को विषयवार असाइनमेंट दिए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर लिखने, विषयों को समझने और परीक्षा के पैटर्न के अनुसार तैयारी करने का मौका मिल रहा है। शिक्षक असाइनमेंट के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई का आकलन करने के साथ उनकी कमजोरियों को भी पहचान सकेंगे।

कॉलेजों में अलग-अलग विषयों के शिक्षकों की ओर से सिलेबस के अनुसार महत्वपूर्ण टॉपिक पर सवाल तैयार किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को इन सवालों के जवाब खुद लिखकर तैयार करने के लिए कहा जा रहा है। इससे उन्हें परीक्षा से पहले पूरे सिलेबस को दोहराने में भी मदद मिलेगी। साथ ही घर पर नियमित पढ़ाई की आदत विकसित होगी।

राजकीय महिला कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर शालिनी खुराना ने बताया कि असाइनमेंट विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की तैयारी का अच्छा माध्यम हैं। इससे उन्हें महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी मिलने के साथ उत्तर लिखने का अभ्यास भी होता है। विद्यार्थी यह समझ पाते हैं कि किसी प्रश्न का जवाब किस तरह व्यवस्थित तरीके से लिखना है। इससे उनकी विषय पर पकड़ और लेखन क्षमता दोनों बेहतर होती हैं।