November 17, 2026

मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.80 लाख की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

मर्चेंट नेवी में नौकरी के नाम पर साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार खाताधारक अमन।

फरीदाबाद में साइबर थाना एनआईटी की कार्रवाई, ठगी की पूरी रकम आरोपी के बैंक खाते में हुई थी ट्रांसफर

Faridabad/Alive News: मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.80 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी अमन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की पूरी रकम ट्रांसफर की गई थी।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, गांधी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने मर्चेंट नेवी में नौकरी के लिए डीजी की वेबसाइट पर अपने दस्तावेज अपलोड किए थे। इसके बाद 8 अक्टूबर 2025 को उसके व्हॉट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कैप्टन बताकर उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग माध्यमों से 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में न नौकरी मिली और न ही रकम वापस हुई।

जांच में सामने आया कि ठगी की पूरी रकम अमन के बैंक खाते में आई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर चुका है। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम पहले ही दो कॉलर विक्रम और पुष्पेंद्र तथा ठगी के कथित मास्टरमाइंड अशोक को गिरफ्तार कर चुकी है।