फरीदाबाद में साइबर ठगों ने टैक्स और कस्टम फीस के नाम पर ठगे रुपये, ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाते थे आरोपी
Faridabad/Alive News: पुराने नोट और सिक्के करोड़ों रुपये में खरीदने का लालच देकर साइबर ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद में सामने आया है, जहां 5 रुपये का पुराना नोट एक करोड़ रुपये में खरीदने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1,02,267 रुपये ठग लिए गए। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश और नरेश निवासी गांव फतेहपुर नियामतखां, जिला सिरसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-8 निवासी शिकायतकर्ता ने फेसबुक पर पुराने सिक्कों की खरीद-बिक्री का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर एक व्यक्ति ने खुद को एक्सचेंज-बायर कंपनी से जुड़ा बताया। इसके बाद ठगों ने शिकायतकर्ता को उसके पास मौजूद 5 रुपये का पुराना नोट एक करोड़ रुपये में खरीदने का प्रस्ताव दिया।
इसके बाद आरोपियों ने टैक्स, सिक्योरिटी और कस्टम फीस सहित अलग-अलग बहाने बनाकर उससे विभिन्न बैंक खातों में 1,02,267 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने ठगी की रकम मंगवाने के लिए साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। नरेश ने पहले गिरफ्तार हो चुके विनोद का बैंक खाता उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी के 28 हजार रुपये आए थे। वहीं, नरेश ने भी अन्य लोगों के बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। पुलिस अब इस मामले में अन्य खाताधारकों की तलाश कर रही है।

