November 16, 2026

स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश, ग्रामीणों को मिलेगा संपत्तियों का कानूनी मालिकाना हक

फरीदाबाद में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते उपायुक्त आयुष सिन्हा।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को दिए निर्देश

Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने उपायुक्तों को योजना के तहत निर्धारित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त आयुष सिन्हा ने लघु सचिवालय में राजस्व विभाग और विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में लाल डोरा के भीतर स्थित संपत्तियों का कानूनी मालिकाना हक देने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

आयुष सिन्हा ने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों के कानूनी स्वामित्व प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके लिए संपत्तियों का विवरण प्रदर्शित किया जाएगा। सरकार द्वारा पोर्टल शुरू किए जाने के बाद ग्रामीणों से निर्धारित अवधि में दावे और आपत्तियां प्राप्त कर उनका निपटारा किया जाएगा।

बैठक में जिला राजस्व अधिकारी विकास सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रमेन्द्र सिंह, तहसीलदार नेहा सहारण, तहसीलदार भूमिका लांबा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।