Faridabad/Alive News:घुटनों का दर्द अब केवल बुजुर्गों की परेशानी नहीं रह गया है। बदलती जीवनशैली, बढ़ते वजन और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण कम उम्र के लोग भी इस समस्या की चपेट में आ रहे हैं। कई मरीजों को चलने-फिरने में परेशानी हो रही है तो कुछ की स्थिति घुटना प्रत्यारोपण तक पहुंच रही है। बीके नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 20 मरीज घुटनों की समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। यहां हर महीने करीब 10 मरीजों का घुटना प्रत्यारोपण किया जा रहा है।
डॉक्टर के अनुसार, घुटनों के जोड़ में घिसाव, मोटापा, पुरानी चोट और व्यायाम की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। 45 वर्ष से अधिक उम्र के कई मरीज गंभीर दर्द और सूजन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालांकि, घुटनों में दर्द होने का मतलब यह नहीं है कि मरीज को प्रत्यारोपण कराना ही पड़ेगा। शुरुआती अवस्था में दवाओं, व्यायाम और अन्य उपचार से भी राहत मिल सकती है।
जांच के बाद तय होता है उपचार
वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. रवि शंकर गौर ने बताया कि घुटनों की परेशानी लेकर आने वाले मरीजों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की संख्या ज्यादा है। मरीजों को उपचार के साथ काउंसलिंग भी दी जाती है। जिन मरीजों को दवाओं और नियमित व्यायाम से आराम मिल सकता है, उन्हें सर्जरी की सलाह नहीं दी जाती। जरूरतमंद मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत भी उपचार किया जाता है। घुटना प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में करीब पांच दिन लग सकते हैं।

