Faridabad/Alive News: एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा के आवास पर चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन हुआ। इस अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने मिलकर पर्व की खुशियां मनाईं।
इस वर्ष पूर्व विधायक के छोटे पुत्र निखिल शर्मा के विवाह के बाद परिवार में पहली बार छठ पूजा का आयोजन किया गया। उनकी नवविवाहिता पत्नी अंकिता शर्मा, जो मूल रूप से बिहार के मधुबनी की रहने वाली हैं, ने पहली बार ससुराल में पूरी श्रद्धा के साथ छठ का कठिन व्रत रखा। परिवार की बड़ी पुत्रवधू पायल शर्मा ने भी उनके साथ व्रत किया।
व्रत संपन्न होने के बाद नीरज शर्मा के निवास पर भव्य भोज का आयोजन किया गया। इसमें आलू का ढालना, दही-चूड़ा, बंगाली रसगुल्ला सहित पारंपरिक मैथिली व्यंजन परोसे गए। बड़ी संख्या में रिश्तेदार और गणमान्य लोग इस आयोजन में शामिल हुए।
परिवार में दोनों बहुओं द्वारा एक साथ छठ व्रत रखने से पारिवारिक एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश देखा गया।

