Faridabad/Alive News: शहर में लगातार बढ़ रही कूड़े की समस्या के बीच नगर निगम को अब उसके निस्तारण के लिए नए ठिकाने की तलाश करनी होगी। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में ग्रामीणों के विरोध के चलते कूड़ा डंपिंग यार्ड बनाने का प्रस्ताव टाल दिया गया है। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर की पहल पर हुई बैठक में मिर्जापुर में डंपिंग यार्ड नहीं बनाने पर सहमति बनी। ऐसे में अब नगर निगम के सामने शहर के कूड़े के निस्तारण के लिए वैकल्पिक जमीन तलाशने की चुनौती है।
तीन जगहों पर विकल्प तलाशने की तैयारी
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, मंत्री राजेश नागर, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक में कूड़ा निस्तारण के अन्य विकल्पों पर चर्चा हुई। तय किया गया कि भांखरी में प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण परियोजना पर अदालत की रोक के खिलाफ सरकार दोबारा अपना पक्ष रखेगी। इसके अलावा बड़खल विधानसभा क्षेत्र में पुराने बिजली उत्पादन केंद्र की जमीन पर डंपिंग यार्ड विकसित करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
प्रतापगढ़ में प्लांट लगाने की प्रक्रिया तेज होगी
बैठक में प्रतापगढ़ में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को सरकारी जमीनों सहित अन्य संभावित स्थानों की तलाश जारी रखने को कहा गया है। मिर्जापुर के ग्रामीण लंबे समय से यहां डंपिंग यार्ड बनाने का विरोध कर रहे थे। उनका कहना था कि इससे आसपास प्रदूषण बढ़ेगा और लोगों को परेशानी होगी। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए यहां डंपिंग यार्ड नहीं बनाने का फैसला लिया गया।

