Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों के मुखियाओं के पास विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए अब ज्यादा समय नहीं बचा है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को आज तक एमआईएस पोर्टल पर पहली से आठवीं कक्षा तक के पात्र विद्यार्थियों की हाजिरी का रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी अगर किसी स्कूल का डाटा अधूरा रहता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसका असर एससी, बीसी-ए और बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों को मिलने वाली मासिक प्रोत्साहन राशि पर भी पड़ सकता है।
दरअसल, विभाग की ओर से दूसरी और तीसरी तिमाही की प्रोत्साहन राशि जारी की जानी है। इसके लिए स्कूलों को पहले 4 नवंबर तक विद्यार्थियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपडेट करना था, लेकिन कई स्कूलों ने तय समय में यह काम पूरा नहीं किया। इसके चलते मौलिक शिक्षा निदेशालय ने दोबारा पत्र जारी कर सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को रिकॉर्ड अपडेट करवाने के निर्देश दिए हैं।
तीन स्तर पर तय होगी जवाबदेही
विभाग ने साफ किया है कि डाटा अपडेट नहीं होने के कारण अगर पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिलता है तो खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल मुखिया और कक्षा इंचार्ज से जवाब मांगा जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्कूलों से संपर्क कर रिकॉर्ड पूरा करवाएं, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी की प्रोत्साहन राशि न रुके।

