Faridabad/Alive News: जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर चर्चा में आए फरीदाबाद के पन्हेड़ा कलां निवासी राजेंद्र देव अब एक नई पहल को लेकर सुर्खियों में हैं। वह अश्वमेध यज्ञ की तर्ज पर देशभर में घोड़ा छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उनका दावा है कि यह घोड़ा 215 दिन तक अलग-अलग राज्यों की यात्रा करेगा। इस दौरान लोगों को धार्मिक विषयों पर शास्त्रार्थ की चुनौती दी जाएगी। जो भी व्यक्ति उन्हें शास्त्रार्थ में हरा देगा, उसे घोड़े के साथ 51 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
राजेंद्र के अनुसार, इस यात्रा की शुरुआत 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के खैर स्थित इच्छापूर्ति धाम आश्रम से होगी। करीब सात महीने चलने वाली इस यात्रा का समापन 30 जून को दिल्ली में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घोड़ा उन्हें एक भक्त ने दान में दिया है, जबकि 51 लाख रुपये की इनामी राशि भी भक्तों के सहयोग से जुटाई गई है। उनका कहना है कि धार्मिक विषयों पर तथ्यों के आधार पर चर्चा और बहस की जाएगी।
प्राचीन अश्वमेध यज्ञ से जुड़ी है योजना
प्राचीन समय में राजा अपनी शक्ति और दूसरे राज्यों पर अधिकार जताने के लिए अश्वमेध यज्ञ करवाते थे। इसमें घोड़े को छोड़ दिया जाता था और उसके साथ सैनिकों का दल चलता था। जिस राज्य में घोड़ा पहुंचता था, वहां का राजा उसे रोककर यज्ञ कराने वाले राजा को चुनौती दे सकता था। राजेंद्र देव की प्रस्तावित यात्रा भी इसी परंपरा से प्रेरित बताई जा रही है।
जिंदा पिता की श्रद्धांजलि सभा से आए थे चर्चा में
राजेंद्र देव 3 अगस्त 2025 को अपने 79 वर्षीय पिता लालचंद उर्फ लूला की श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने के कारण चर्चा में आए थे। इसके लिए गांव में पोस्टर लगाए गए थे और ढोल-बाजे के साथ यात्रा भी निकाली गई थी। सभा की जानकारी मिलने पर उनके पिता घर लौट आए थे। इसके बाद गांव के सरपंच की मौजूदगी में पंचायत हुई थी, जिसमें राजेंद्र के बहिष्कार का फैसला लिया गया था।

