November 15, 2026

साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने​प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर महिला से 3.28 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में, सेक्टर-65 निवासी एक महिला से ‘प्रीपेड टेलीग्राम टास्क’ के नाम पर 3,28,948 रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुषार, निवासी गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

​लालच देकर ऐसे फंसाया जाल में​पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-65 की रहने वाली पीड़िता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में दी अपनी शिकायत में बताया कि मार्च 2026 में उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया था। इसमें घर बैठे पैसे कमाने का झांसा देते हुए बताया गया कि अमेजन के प्रोडक्ट्स को ‘ऐड टू कार्ट’ कर उसका स्क्रीनशॉट भेजने पर कमाई होगी।​

महिला द्वारा सहमति जताने पर ठगों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर मुनाफे के तौर पर 1,60,100 रुपये महिला की मां के बैंक खाते में भेजे गए, जिससे पीड़िता का विश्वास जीत लिया गया। इसके बाद साइबर ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर ‘प्रीपेड टेलीग्राम टास्क’ में निवेश करने को कहा। झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 3,28,948 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन इसके बाद उन्हें कोई रकम वापस नहीं मिली।​

पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा​शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी तुषार ने अपना बैंक खाता आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी की राशि में से 90 हजार रुपये आए थे। आरोपी ने बी.एस.सी. की पढ़ाई की है और वर्तमान में नोएडा स्थित एक कैफे में काम करता है।​पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि इस गिरोह में शामिल अन्य मुख्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।